Shivpuri News- कुटुंब न्यायालय परिसर में रानी ने राहुल की बाइक पर पत्थर पटके, वीडियो वायरल

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी कुटुम्ब न्यायालय परिसर में लोगों को एक अजीब नजारा देखने को मिला। एक महिला एक बाइक पर पत्थर मार रही थी और एक पुरुष उसको रोक रहा था। बताया जा रहा है कि यह महिला पुरुष दोनो पति पत्नी थे और कुटुम्ब न्यायालय में उनका पारिवारिक विवाद का मामला विचाराधीन था।

पत्थर फेंकती महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं। बाइक पर पत्थर पटकने वाली महिला रानी ओझा है। रानी जिस बाइक पर पत्थर पटक रही है, वह उसके पति राहुल ओझा की है। राहुल ओझा 12 अक्टूबर की दोपहर अपनी पत्नी रानी को जीवन निर्वाह भत्ता देने के लिए न्यायालय पहुंचा था। यहां दोनों पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई, जिसके बाद रानी ने राहुल की बाइक पर पत्थर पटकना शुरू कर दिया था।

2018 से चल रहा है विवाद
कमालगंज के रहने वाले राहुल ओझा ने बताया कि 2016 में उसकी शादी रानी ओझा से हुई थी। 2 साल बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा था, उसकी पत्नी रानी चाहती थी कि वह घर से अलग रहे। इसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर अलग रहने लगा था, उन्हें एक बेटा भी हुआ, परंतु झगड़े बढ़ते गए। इसके बाद रानी उसे छोड़कर 2018 में मायके चली गई। दोनों के बीच का विवाद न्यायालय में चल रहा है।

राहुल ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार हर माह तीन हजार रुपए का जीवन निर्वाह भत्ता रानी को देना होता है। इन्हीं पैसों को देने वह 12 अक्टूबर को कोर्ट में गया था। यहां पत्नी भड़क गई और उसने बाइक पर पत्थर पटकना शुरू कर दिया।

राहुल ओझा का कहना है कि अप्रैल में एक बार हम दोनों के बीच राजीनामा भी हो गया था। तीन माह के भीतर उसके जीजा के भड़काने के बाद रानी फिर छोड़ कर चली गई। राहुल ओझा का कहना है कि घर में रखे सामान को भी रानी अपने साथ ले गई थी। इसके बाद अब वह बाइक को अपनी संपत्ति समझ रही है।