शिवपुरी। करैरा की राधेश्याम कॉलोनी में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने मकान में घुसकर एक युवक सुमित दुबे पर तलवार से हमला बोल दिया और उस पर जान से मारने की नियत से गोली चला दी। हालांकि गोली उसके कान से बगल से निकल गई और वह बाल-बाल बच गया।
लेकिन तलवार के वार से वह घायल हो गया। इस दौरान बीच बचाव के लिए आए उसके चाचा राजेंद्र दुबे पर भी आरोपियों ने तलवार से वार कर घायल कर दिया। यह विवाद बदमाशों द्वारा उनकी कॉलोनी में आकर लड़कियों से छेड़छाड़ करने से रोकने के कारण हुआ। आरोपी गली में आकर लड़कियों से छेड़छाड करते थे। जिसका विरोध फरियादी ने किया तो उसके साथ आरोपियों ने घटना कारित कर दी।
पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपी रोहित यादव और आदित्य यादव सहित अज्ञात के खिलाफ भादवि की धारा 458, 307, 294, 506, 147 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
फरियादी सुमित पुत्र रविशंकर दुबे निवासी मंडी के सामने राधेश्याम कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रात करीब साढ़े 9 बजे वह घर पर बैठा था, तभी कुछ लोगों ने आवाज लगाई। जिसे सुनकर उनकी मां मंजू दुबे ने गेट खोला तो आरोपी रोहित यादव निवासी काली पहाड़ी और आदित्य यादव निवासी निचरौली ने दरबाजे में लात दी और घर में घुस आए और मुझे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान आरोपी आदित्य यादव ने उसमें तलबार मार दी और इसके बाद उसे घसीटते हुए घर के बाहर ले आए। जहां रोहित यादव ने उस पर जान से मारने की नियत से कट्टे से फायर किया। जिसकी गोली उसके कान के बगल से निकल गई और वह बच गया। इस दौरान उनके चाचा राजेंद्र दुबे बीच-बचाव के लिए वहां आए तो आदित्य ने उन पर तलबार मार दी।
जिससे वह चोटिल हो गए और उनके हाथ से खून निकल आया। उनके साथ चार अन्य लोग भी थे, जो घर के बाहर खड़े थे। आरोपी उनकी कॉलोनी में गुंडागर्दी करते हैं और घर की महिलाओं सहित कॉलोनी में रहने वाली लड़कियों को छेडते हैं, इसे लेकर सुमित ने आपत्ति दर्ज कराकर उन्हें ऐसा करने से रोका था, जिस कारण आरोपियों ने आक्रोषित होकर उसके घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।