मौसम ने ली करवट:आंधी के साथ ओला बारिश,बिजली के खंभे भी टूटे,सब्जी की फसल बर्बाद - Shivpuri News

Bhopal Samachar
पोहरी। जिले की पोहरी और बैराड़ तहसील के गांवों में शुक्रवार की दोपहर बाद अचानक तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि और बारिश हो गई। 16 से अधिक गांवों में ओलों गिर गए हैं। पंद्रह से बीस मिनिट ओलावृष्टि के बाद आधा घंटे से ज्यादा देर तक बारिश भी होती रही। इसके अलावा शिवपुरी शहर में भी 12 से 15 मिनिट हल्की बारिश हो गई।

आंधी चलने से भटनावर के आमतला गांव में नीम का पेड़ टूटकर गिर गया। भटनावर से दुल्हारा गांव के लिए निकली 33 केवी लाइन के 3 खंभे अचानक तेज आंधी में टूटकर गिर गए हैं। इस कारण 5 से 6 गांव प्रभावित हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद बिजली कंपनी नए खंभे लगाकर बिजली बहाली के प्रयास करेगी। इस बारिश से किसानों को नुकसान नहीं है। हालांकि जिन किसानों ने सब्जियां आदि उगाईं हैं उन्हें जरूरत नुकसान होने की बात कही जा रही है। बारिश होने के साथ ही उमस का वातावरण बन गया है।

पोहरी व बैराड़ तहसील के इन गांवों में ओलावृष्टि हुई

पोहरी तहसील के भटनावर, आमतला, बगवासा, दुल्हारा, वीरवरा, दुल्हारा, डांग बर्बे, परिच्छा, झिरी, कनाखेड़ी, अतरौआ, मुहारी आदि गांवों में ओलावृष्टि हुई है। बैराड़ तहसील के देवरीकलां, एनपुरा, मकलीझरा, जामखों में शुक्रवार को दोपहर तेज बारिश के साथ ओले गिरे हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में कोई फसल नहीं है, इसलिए नुकसान नहीं है। हालांकि सब्जी एवं फलों में जरूर नुकसान हो सकता है।

न्यूनतम पारा में एक डिग्री की गिरावट के साथ 24 पर आया

चौबीस घंटे में न्यूनतम पारे में एक डिग्री की गिरावट आई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 24 डिग्री रहा। जबकि एक दिन पहले न्यूनतम पारा 25 डिग्री था। अधिकतम पारे में बदलाव नहीं है। इस सीजन में अधिकतम पारा 44 डिग्री तक जा चुका है।